अमेठी। जनपद के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दुर्गापुर रोड बाईपास पर रविवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां सड़क किनारे घायल अवस्था में मिले दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। जानकारी के मुताबिक, अनिकेत सिंह (22) पुत्र पवन सिंह और सुजल सिंह (23) पुत्र दिनेश प्रताप सिंह, निवासी पूरे रोशनी मजरे कोरारी गिरधरशाह, थाना अमेठी, रविवार को एक निमंत्रण कार्यक्रम में हथकिला गए थे। देर शाम करीब 8रू30 बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में संदिग्ध परिस्थितियों में हादसे का शिकार हो गए और सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल पड़े मिले।
राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजन दोनों को तत्काल जिला अस्पताल गौरीगंज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने अनिकेत को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुजल की हालत नाजुक होने पर उसे रायबरेली रेफर किया गया, जहां से आगे लखनऊ के लिए भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया। मृतक अनिकेत अपने पिता का इकलौता बेटा था, जबकि सुजल दो भाइयों में छोटा था। इस घटना के बाद परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।कोतवाली अमेठी के प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सिंह के अनुसार, हादसे की सूचना पुलिस को देर से मिली। परिजन पहले घायलों को इलाज के लिए ले गए थे। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार में बाइक फिसलने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

