शुकुलबाजार: विद्यालयों पर प्रशासन सख्त, एक हफ्ते की डेडलाइन! प्रोफाइल व वाहन विवरण अपडेट न करने पर होगी कार्रवाई
April 06, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। क्षेत्र के विद्यालयों में सुरक्षा मानकों और डेटा प्रबंधन को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। यात्री कर अधिकारी दिनेश कुमार रावत ने सोमवार को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी विद्यालय प्रबंधक एक सप्ताह के भीतर अपने पोर्टल पर प्रोफाइल और वाहनों का विवरण अनिवार्य रूप से अपडेट कर लें, अन्यथा निरीक्षण के दौरान कमी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। यात्री कर अधिकारी दिनेश कुमार रावत ने क्षेत्र का भ्रमण कर विद्यालय प्रबंधकों को निर्देशित किया कि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से प्राप्त पोर्टल पर अपने यू-डायस नंबर के माध्यम से लॉगिन करें। इस पोर्टल पर विद्यालय की प्रोफाइल को अपडेट करने के साथ-साथ विद्यालय में छात्र-छात्राओं के आवागमन के लिए संचालित हो रहे सभी वाहनों का पूर्ण विवरण अभिलेखों में दर्ज करना अनिवार्य है।अधिकारी ने जोर देकर कहा कि यह कार्य प्राथमिकता के आधार पर एक सप्ताह के भीतर पूर्ण होना चाहिए। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के तुरंत बाद प्रशासन द्वारा विद्यालयवार सघन निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। यदि किसी विद्यालय ने विवरण अपडेट नहीं किया या जानकारी अधूरी पाई गई, तो संबंधित प्रबंधन के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।पोर्टल संचालन या डेटा फीडिंग में आने वाली किसी भी तकनीकी समस्या के समाधान के लिए विभाग ने दो संपर्क सूत्र भी जारी किए हैं। विकास वर्मा- 9450026475, धर्मराज मिश्रा- 8081484597 यात्री कर अधिकारी ने सभी प्रबंधकों से अपील की है कि वे शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करें, ताकि छात्रों की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
