बांग्लादेश के विदेश मंत्री आएंगे भारत, सत्ता संभालने के बाद तारिक रहमान का बड़ा फैसला
April 07, 2026
बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान के भारत दौरे का आधिकारिक ऐलान हुआ है. आज शाम (7 अप्रैल) वह नई दिल्ली पहुंचेंगे. इस दौरे का फोकस भारत और बांग्लादेश के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करना है. दौरे के दौरान भारत और बांग्लादेश के बीच कई अहम मुद्दों पर बातचीत की संभावना है. शेख हसीना के तख्तापलट के बाद बांग्लादेश में जब तारिक रहमान की सरकार बनी, उसके बाद से यह बांग्लादेश की तरफ से पहला आधिकारिक दौरा है.
इस दौरे के दौरान रहमान भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ 8 अप्रैल को हैदराबाद हाउस में विस्तार में बातचीत करेंगे. इसके अलावा 8 अप्रैल को ही वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी से भी उनकी मुलाकात होगी. भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में एक नयी शुरूआत की उम्मीद दिखाई दे रही है.
12 फरवरी को बांग्लादेश में हुए चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने प्रचंड जीत हासिल की थी. बीएनपी की सरकार बनने के बाद यह किसी बांग्लादेशी मंत्री का भारत का पहला दौरा है, जो भारत और बांग्लादेश के संबंधों में बदलाव का संकेत देता है. पिछली मुहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार के 18 महीने के कार्यकाल के दौरान हिंदू अल्पसंख्यकों पर बढ़ते हमलों और भारत विरोधी बयानबाजी के कारण दोनों देशों के संबंधों में तनाव आ गया था.
मुलाकात के दौरान जिन मुख्य मुद्दों पर चर्चा हो सकती है, उनमें बांग्लादेशी नागरिकों के लिए वीजा सेवा फिर से शुरू करना, एनर्जी सहयोग बढ़ाना, बॉर्डर मैनेजमेंट सिस्टम को मजबूत करना, नदी के पानी के बंटवारे से जुड़े पेंडिंग मामलों को सुलझाना और ट्रेड को आसान बनाने के तरीकों को बढ़ावा देना शामिल है. रहमान के साथ बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के विदेश मामलों के सलाहकार हुमायूं कबीर भी होंगे, जो ढाका द्वारा इस दौरे को दी जा रही अहमियत को दिखाता है.
बांग्लादेशी मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक, उम्मीद है कि ढाका वीजा सेवा को पूरी तरह से बहाल करने के लिए भारत से ज्यादा सकारात्मक और प्रोएक्टिव नजरिए के लिए दबाव डालेगा. बांग्लादेशी पक्ष मेडिकल टूरिज्म से जुड़े आर्थिक और सामाजिक फायदों पर भी जोर दे सकता है, जिस पर मौजूदा पाबंदियों का असर पड़ा है. बता दें, सुरक्षा कारणों से जुलाई 2024 से बांग्लादेशी नागरिकों के लिए टूरिस्ट वीजा सस्पेंड हैं.
