Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बीसलपुरः मंदिर की जमीन पर कब्जे का आरोप, पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से लगाई गुहार


बीसलपुर। थाना दियोरिया कला क्षेत्र के ग्राम नूरानपुर निवासी बाबा सर्वेश्वरदास ने मंदिर की जमीन पर अवैध कब्जा करने और विरोध करने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपा है। पीड़ित ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।

शिकायती पत्र में बाबा सर्वेश्वरदास ने बताया कि ग्राम रसूलपुर स्थित ठाकुरजी महाराज विराजमान मंदिर की कृषि भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी थाना दियोरिया कला में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हैं।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि कई नामजद व्यक्ति मिलकर इस जमीन पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं और इसके लिए बाहरी व्यक्ति को भी बुलाया गया है, जो कथित रूप से दबंग प्रवृत्ति का है और मंदिरों की जमीन पर कब्जा करने तथा अवैध वसूली करने का कार्य करता है। बाबा का कहना है कि आरोपी अपने साथ अन्य लोगों को लेकर आते हैं और मंदिर की भूमि पर कब्जा करने का प्रयास करते हैं। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं।

उन्होंने बताया कि 15 मार्च 2026 को जब वह मंदिर पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता की और मारपीट का प्रयास किया, जिससे उन्हें मौके से भागकर अपनी जान बचानी पड़ी। इस घटना के बाद से वह भय के माहौल में जीवन यापन कर रहे हैं और लगातार धमकियों का सामना कर रहे हैं।पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए मंदिर की भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए और उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि वह निर्भय होकर धार्मिक कार्य कर सकें। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोगों की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |