बीसलपुर। मानव उत्थान सेवा समिति शाखा बीसलपुर के तत्वावधान में मातृ शक्ति दिवस के अवसर पर सेवा और आध्यात्म का सुंदर संगम देखने को मिला। इस अवसर पर समिति द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीसलपुर में मरीजों एवं गर्भवती महिलाओं को फल वितरित कर उनके स्वास्थ्य की कामना की गई, वहीं बाद में आयोजित सत्संग कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भक्ति रस में सराबोर होकर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त की।
कार्यक्रम का संचालन महात्मा अनुरक्ति बाई के दिशा-निर्देशन में किया गया। सबसे पहले समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर वहां भर्ती मरीजों और गर्भवती महिलाओं को फल वितरित किए। इस दौरान उपस्थित लोगों ने मरीजों का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस सेवा कार्य से अस्पताल परिसर में मानवीय संवेदनाओं का भावपूर्ण माहौल देखने को मिला।फल वितरण के पश्चात रामलीला मैदान स्थित अयोध्या पुरी भवन में मासिक सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सत्संग में महात्मा अनुरक्ति बाई ने धर्म ग्रंथों पर आधारित प्रवचनों के माध्यम से जीवन के मूल्यों, सेवा भावना और भक्ति मार्ग की महत्ता पर प्रकाश डाला। उनके प्रवचनों को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और भजन-कीर्तन के माध्यम से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।सत्संग कार्यक्रम में दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या ने भाग लिया। इस दौरान उपदेश कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें दस जिज्ञासुओं को आध्यात्मिक उपदेश देकर उन्हें सतमार्ग पर चलने की प्रेरणा दी गई। कार्यक्रम में मानव सेवा दल के टोली नायक अशोक कुमार मौर्य, समिति के प्रधान चन्द्र पाल एडवोकेट सहित अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। लगभग 75 महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर सत्संग का लाभ उठाया।कार्यक्रम के अंत में आरती और प्रसाद वितरण के साथ सत्संग का समापन हुआ। पूरे आयोजन ने सेवा, श्रद्धा और सामाजिक समर्पण का संदेश दिया।
