पीलीभीत। जनपद में भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पार्टी का स्थापना दिवस पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर एक विशाल रोड शो का आयोजन भी प्रस्तावित है, जिसमें जिले भर से पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक बड़ी संख्या में भाग लेंगे।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रोड शो पार्टी कार्यालय से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों एवं चैराहों आसाम चैराहा, डिग्री कॉलेज चैराहा, नई बस्ती चैराहा, जाटों का चैराहा, जेपी रोड, गैस चैराहा तथा छतरी चैराहा होते हुए रेलवे स्टेशन पर जाकर समाप्त होगा। पूरे मार्ग में स्वागत, सजावट एवं जनसंपर्क की विशेष व्यवस्था की जा रही है, जिससे कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप दिया जा सके।
इस भव्य आयोजन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य करेंगे। उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पार्टी की विचारधारा, उपलब्धियों और जनसेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है। उन्होंने नगर वासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में रोड शो में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
तैयारियों को लेकर एक समीक्षा बैठक का भी आयोजन किया गया, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों का विस्तार से निर्धारण किया गया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आयोजन में स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे आत्मनिर्भर भारत के संदेश को भी मजबूती मिले।
बैठक में जिला महामंत्री मंगली प्रसाद वर्मा, जिला मंत्री सत्यपाल वर्मा, अभिमन्यु गंगवार, राजवीर सिंह, हर्षित चैधरी, अनूप वाल्मीकि, विवेक शुक्ला, राजेश पांडे, कमलेश वर्मा, सुरेंद्र मौर्य, अभिषेक एवं मुकेश सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने अपने-अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया।
पार्टी कार्यकर्ताओं में स्थापना दिवस को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और पूरे जिले में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
