Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीत: प्रधानाचार्य परिषद की बैठक में सदस्यता अभियान और सम्मान समारोह पर बनी सहमति! सेवानिवृत्त प्रधानाचार्यों के सम्मान का निर्णय, कोषाध्यक्ष पद के लिए डॉ. द्विवेदी का नाम प्रस्तावित


पीलीभीत। उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद, पीलीभीत की एक महत्वपूर्ण बैठक नगर के इकरा पब्लिक गर्ल्स इंटर कॉलेज में परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने भाग लेते हुए संगठन की मजबूती, सदस्यता विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

बैठक में सत्र 2026-27 के लिए परिषद के सदस्यता अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने पर सहमति व्यक्त की गई। तय किया गया कि जनपद के सभी विद्यालयों में व्यक्तिगत रूप से जाकर प्रधानाचार्यों से संपर्क किया जाएगा और उन्हें परिषद का सदस्य बनाया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती उसके सदस्य आधार पर निर्भर करती है, इसलिए अधिक से अधिक प्रधानाचार्यों को जोड़ना आवश्यक है, जिससे शिक्षकों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।

बैठक में 31 मार्च 2026 को सेवा निवृत्त हुए प्रधानाचार्यों के सम्मान के लिए एक कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। सर्वसम्मति से तय किया गया कि यह सम्मान समारोह 8 मार्च 2026 को राम कॉलेज में दोपहर 1 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें सेवानिवृत्त प्रधानाचार्यों को उनके शैक्षिक योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त परिषद के संरक्षक रहे स्वर्गीय रमाकांत शर्मा के निधन के बाद स्काउट संस्था में रिक्त हुए कोषाध्यक्ष पद पर भी चर्चा की गई। इस पद के लिए सर्वसम्मति से पूर्व जिला मुख्य आयुक्त डॉ. राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी का नाम प्रस्तावित किया गया। यह भी तय किया गया कि इस प्रस्ताव को औपचारिक स्वीकृति के लिए जिला अधिकारी या सिटी मजिस्ट्रेट पीलीभीत को प्रेषित किया जाएगा। बैठक में अवंती बाई बालिका इंटर कॉलेज पीलीभीत की प्रधानाचार्या श्रीमती अजय चैहान के पुत्र के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। सभी प्रधानाचार्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। बैठक में जिला अध्यक्ष अखलाक हसन खान, मंत्री योगेश गंगवार, उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र गंगवार, शोभा वर्मा, सुमन देवी, डॉ. जावेद अहमद, रोहतास गंगवार, सतीश चंद्र गंगवार, मोहम्मद फिरोज, नूर अहमद, उपासना शर्मा, प्रतिमा चैहान, राजेश चंद्र, राजेश गौतम, राजेश गंगवार, हरीश कुमार, सुरेश चंद्र राय, मोहम्मद अतर, सोहेल अनवर, सुरेंद्र सिंह, राजकुमार शर्मा, नरेश चंद्र शुक्ला सहित अनेक प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |