अमेठीः किसानों का अल्टीमेटम! तीन दिन में समाधान नहीं तो होगा बड़ा आंदोलन
April 18, 2026
अमेठी। जनपद में विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) एवं भारतीय किसान उत्थान सेवा संगठन ने प्रशासन के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि 3 दिन के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले व्यापक आंदोलन किया जाएगा। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि ग्राम सभा खेरौना और बघवरिया में नाला एवं तालाब की भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए मैरिज लॉन के खिलाफ माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद खंडपीठ लखनऊ द्वारा 4 जून 2026 को पारित आदेश का अब तक पालन नहीं कराया गया है। उन्होंने तहसीलदार अमेठी, राजस्व निरीक्षक एवं लेखपालों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए संलिप्तता का आरोप लगाया है। इसके अलावा ग्राम सभा गगौली में दिए गए पूर्व ज्ञापन पर भी कोई कार्रवाई न होने से किसानों में आक्रोश है। संगठनों का कहना है कि अधिकारी-कर्मचारी निरंकुश होकर भू-माफियाओं से मिलकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं, जिससे आम जनता को न्याय नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने छुट्टा पशुओं की समस्या को भी गंभीर बताते हुए कहा कि इससे फसलों को भारी नुकसान हो रहा है और आमजन को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही आगामी फसल के लिए समय से खाद, बीज और नहरों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की गई है। वहीं, प्रकाश गैस एजेंसी अमेठी द्वारा उपभोक्ताओं को घर-घर गैस सिलेंडर की डिलीवरी न किए जाने पर भी नाराजगी जताई गई है। किसानों ने तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। किसान नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि तहसीलदार अमेठी किसान नेताओं और पत्रकारों के फोन कॉल तक नहीं उठाते, जिससे क्षेत्र की समस्याएं अधिकारियों तक नहीं पहुंच पाती हैं। संगठनों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 3 दिनों के भीतर सभी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस अवसर पर किसान मजदूर सेवा संस्थान के राज कुमार पांडेय, प्रेम शंकर द्विवेदी (उत्तर प्रदेश प्रभारी), धीरेन्द्र शुक्ला, शिवनाथ सिंह, मंजू देवी, गीता गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
