आगरा। जनपद में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित पानी की टंकियों की बदहाल स्थिति को लेकर जन प्रहरी संस्था ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि जिले में पेयजल व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट गहराता जा रहा है।
जन प्रहरी टीम ने अवगत कराया कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। दिनांक 18 जून 2023 को तत्कालीन मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र के आगरा दौरे के दौरान उन्हें व्यक्तिगत रूप से शिकायती पत्र सौंपा गया था। उस समय उन्होंने मामले की जांच हेतु समिति गठित करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद 30 जून 2023 को ई-मेल के माध्यम से भी शिकायत प्रेषित की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
संस्था के अनुसार, 19 नवंबर 2023 को अनुस्मारक पत्र भेजने के बावजूद भी प्रशासनिक स्तर पर अपेक्षित संज्ञान नहीं लिया गया। वर्तमान में राज्य सरकार द्वारा जल जीवन मिशन में अनियमितताओं के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं, ऐसे में जन प्रहरी को उम्मीद है कि इस प्रकरण में भी न्यायोचित कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञापन में बताया गया कि आगरा जनपद में अधिकांश पानी की टंकियां या तो बंद पड़ी हैं या अनुपयोगी स्थिति में हैं, जिसके कारण ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इससे जनस्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
जन प्रहरी संस्था ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए तथा बंद पड़ी पानी की टंकियों को शीघ्र चालू कराकर ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
