खंदौली/आगरा। विकास खंड खंदौली के प्राथमिक विद्यालय नगला जार में ‘सर्व शिक्षा अभियान’ के अंतर्गत ‘स्कूल चलो अभियान’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख खंदौली आशीष शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर आशीष शर्मा ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा समाज की उन्नति का मूल आधार है, इसलिए प्रत्येक अभिभावक अपने बच्चों का नामांकन विद्यालय में अवश्य कराएं। उन्होंने सभी बच्चों को निःशुल्क पुस्तकें भी वितरित कीं।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी धर्मराज सरोज ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए शिक्षकों को शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने हेतु घर-घर सर्वे करने के निर्देश दिए। वहीं रमाशंकर पाराशर ने भी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापिका विमलेश देवी के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान विद्यालय स्टाफ, आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
