Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

आगरा: स्कूल चलो अभियान एवं प्रवेश उत्सव का भव्य शुभारंभ


आगरा। जनपद के कंपोजिट विद्यालय न्यू आगरा में “स्कूल चलो अभियान एवं प्रवेश उत्सव” का भव्य शुभारंभ मा. विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश, विधायक श्री पुरुषोत्तम खंडेलवाल एवं मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत एवं सरस्वती वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसकी अतिथियों ने सराहना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि जिस देश में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं परिवहन की व्यवस्था उत्तम होती है, वही राष्ट्र समृद्धि के शिखर पर पहुंचता है। उन्होंने कहा कि “स्कूल चलो अभियान” के माध्यम से प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

वहीं विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार किए गए हैं। अब बच्चों को ड्रेस, जूते, मोजे, टाई एवं किताबों के लिए ₹1200 की धनराशि डीबीटी के माध्यम से अभिभावकों के खातों में दी जा रही है, जिससे शिक्षा को बढ़ावा मिला है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री जितेंद्र कुमार गोंड ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा, पुस्तकें, मध्यान्ह भोजन, कंप्यूटर शिक्षा, स्वास्थ्य जांच एवं प्रशिक्षित शिक्षक जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अभियान के तहत अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों द्वारा नवप्रवेशी बच्चों को निःशुल्क पुस्तक बैग वितरित कर उनका स्वागत किया गया। इसके उपरांत जागरूकता रैली एवं एलईडी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

यह अभियान दो चरणों में संचालित होगा। प्रथम चरण 01 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तथा द्वितीय चरण 01 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |