बीसलपुरः शिक्षक-अभिभावक संवाद से ही संवरेंगे बच्चों के भविष्य- उप शिक्षा निदेशक
April 29, 2026
बीसलपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के ऑडिटोरियम में आयोजित मासिक समीक्षा बैठक में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर गहन चर्चा की गई। बैठक में उप शिक्षा निदेशक की मौजूदगी में विभागीय कार्यक्रमों की प्रगति का आकलन किया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में विद्यालयों की समय-सारिणी, निपुण प्लस एप का उपयोग, इको क्लब की गतिविधियां, एआरपी चयन, छात्रवृत्ति योजना, डीसीएफ, समग्र प्रगति पत्र तथा बच्चों की ऑनलाइन उपस्थिति जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। डायट प्राचार्य दरवेश कुमार ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और अभिभावकों से सतत संपर्क बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षक और अभिभावक के बीच बेहतर समन्वय से ही बच्चों का शैक्षिक और नैतिक विकास संभव है। बैठक में उपस्थित अधिकारियों और शिक्षकों ने योजनाओं के संचालन में आ रही दिक्कतों को साझा किया, जिनका समाधान मौके पर ही किया गया। एसआरजी सदस्यों ने भी विभिन्न बिंदुओं पर मार्गदर्शन देते हुए कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने के सुझाव दिए। कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी अमित कुमार शर्मा ने किया। इस अवसर पर डायट प्रवक्ता, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
