दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान कई बार चली पोर्न, तुरंत बंद की गई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग
April 29, 2026
दिल्ली हाई कोर्ट में आज एक बेहद अजीब और चौंकाने वाली घटना सामने आई। चीफ जस्टिस डीके उपाध्याय की कोर्ट में सुनवाई के दौरान अचानक अश्लील वीडियो चल गया। यह वीडियो एक-दो बार नहीं, बल्कि कई बार प्ले हुआ, जिससे कोर्ट में मौजूद सभी लोग हैरान रह गए।
यह वीडियो वर्चुअल सुनवाई के दौरान चला। यह वीडियो श्रीधर सारनोबत और शितजीत सिंह नाम के यूजर्स के जरिए प्ले हुआ। हालांकि, यह साफ नहीं हो पाया है कि यह जानबूझकर किया गया या तकनीकी गड़बड़ी थी।
घटना के तुरंत बाद कोर्ट का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम बंद कर दिया गया, ताकि स्थिति को संभाला जा सके। इस दौरान कुछ समय के लिए सुनवाई भी प्रभावित हुई। कोर्ट प्रशासन अब इस मामले की जांच कर रहा है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर यह घटना कैसे हुई और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।
दिल्ली हाई कोर्ट के समक्ष अश्लील सामग्री चलने की घटना पर एक्शन लिया जा रहा है। हाई कोर्ट प्रशासन ने दिल्ली पुलिस की IFSO यूनिट को एक शिकायत सौंपी है। IFSO यूनिट इस पूरे मामले की जांच करेगी।
इस घटना ने वर्चुअल अदालती सुनवाई को नियंत्रित करने वाले सुरक्षा प्रोटोकॉल के बारे में गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कोर्ट में वर्चुअल सुनवाई के दौरान हुई लापरवाही के लिए जवाबदेही तय की जाएगी। संबंधित आरोपी के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।
