आगरा। आगरा खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से आगामी एमएलसी चुनाव को लेकर राजा बलवंत सिंह (आरबीएस) महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ ने युवराज अम्बरीश पाल सिंह को अपना पूर्ण समर्थन देने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया है।
महाविद्यालय के छात्र कल्याण भवन में आयोजित कार्यक्रम में बलवंत एजुकेशनल सोसाइटी के उपाध्यक्ष राजा अनिरुद्ध पाल सिंह, एमएलसी प्रत्याशी युवराज अम्बरीश पाल सिंह, प्राचार्य प्रो. विजय श्रीवास्तव सहित अनेक प्राध्यापक एवं कर्मचारी संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रो. कृपाशंकर ने कहा कि युवराज अम्बरीश पाल सिंह एक योग्य एवं सक्षम प्रत्याशी हैं, जिनमें नेतृत्व और निर्णय लेने की उत्कृष्ट क्षमता है। प्रो. संजय मिश्रा ने कहा कि शिक्षक संघ पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा है।
डॉ. पूनम तिवारी ने आरबीएस परिवार से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया, वहीं डॉ. दिग्विजय सिंह ने कहा कि महाविद्यालय परिवार अपने प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत से प्रयास करेगा।
प्रो. संजीव पाल सिंह ने बताया कि युवराज अम्बरीश पाल सिंह ने अपने चुनावी अभियान की शुरुआत महाविद्यालय परिवार के समर्थन से की है और यह समर्थन उन्हें विजय तक पहुंचाएगा।
प्राचार्य प्रो. विजय श्रीवास्तव ने कहा कि राजपरिवार द्वारा महाविद्यालय को ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिसके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का यह उचित अवसर है।
राजा अनिरुद्ध पाल सिंह ने शिक्षक एवं कर्मचारियों की एकजुटता को चुनाव में जीत का आधार बताया।
अंत में युवराज अम्बरीश पाल सिंह ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महाविद्यालय परिवार के इस समर्थन से उन्हें चुनावी मैदान में उतरने की नई ऊर्जा और विश्वास मिला है।
