Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बीसलपुरः जमीनी विवाद में युवक की मौत, परिजनों ने शव रखकर हाईवे जाम किया! चार घंटे तक ठप रहा बीसलपुर-बरेली मार्ग, गिरफ्तारी के आश्वासन पर माने परिजन


बीसलपुर। क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो जाने से आक्रोशित परिजनों ने मंगलवार को बीसलपुर-बरेली हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। करीब चार घंटे तक मार्ग बाधित रहने से यातायात पूरी तरह ठप रहा और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में अधिकारियों के आश्वासन पर जाम समाप्त हो सका।

गांव गोवलपति पुरा निवासी रवि यादव 27 मार्च को अपने भाई बृजेश और पिता ओमशंकर के साथ खेत पर गए थे। आरोप है कि इसी दौरान रिश्तेदारों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें रवि यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मंगलवार को शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अपने मकान के सामने बीसलपुर-बरेली हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया।

जाम की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजीव शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन परिजन नहीं माने। इसके बाद सीओ प्रगति सिंह चैहान और एसडीएम नागेंद्र पांडे भी मौके पर पहुंचे। काफी देर तक चली वार्ता के बाद शाम करीब पांच बजे तक आरोपियों की गिरफ्तारी के आश्वासन पर परिजन शांत हुए और जाम खोल दिया गया।

मृतक अपने पीछे चार वर्षीय पुत्र विश्व प्रकाश को छोड़ गया है। पत्नी निशु और मां अनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार रवि यादव अपने पिता का सहारा थे और मेहनती स्वभाव के कारण परिवार की जिम्मेदारी संभालते थे। वहीं उनका भाई बृजेश उर्फ कवि भी अस्पताल में भर्ती है।

पुलिस ने इस मामले में अनुराग यादव, नरेंद्र देव, मुनेंद्र यादव, अभिषेक, विवेक सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जाम के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |