आगरा । गणेश राम नागर सरस्वती शिशु मंदिर, बल्केश्वर, आगरा में सत्र 2025दृ26 का वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत एवं परिचय कराया गया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना (नृत्य) ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।
विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की शैक्षिक उपलब्धियों, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का विस्तृत विवरण दिया गया।
समारोह का मुख्य आकर्षण पुरस्कार वितरण रहा, जिसमें नर्सरी से कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही मेधावी परीक्षा एवं विज्ञान मॉडल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित विशिष्ट अतिथियों श्रीमती श्रुति सिन्हा, श्रीमती अमिता त्रिपाठी एवं डॉ. मनीषा गुप्ता ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधनों में विद्यार्थियों को उच्च लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय की प्रबंधन समिति का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश शर्मा सहित समिति के सदस्य श्रीमती गुंजन अग्रवाल, श्रीमती श्वेता अग्रवाल, श्रीमती आकांक्षा अग्रवाल, श्रीमती ममता गोयल, श्रीमती अनु चावला, आदर्श नंदन, सुनील नागर एवं डॉ. वेद त्रिपाठी की गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक नृत्य ने सभी उपस्थित जनों का मन मोह लिया।समारोह का समापन प्रबंधिका श्रीमती वीना शर्मा के आशीर्वचन एवं प्रधानाचार्या श्रीमती रश्मि अग्रवाल द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
