बीसलपुर। कंपोजिट विद्यालय चुर्रा सकतपुर में स्कूल चलो अभियान” के अंतर्गत एक भव्य रैली एवं पुस्तक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक विवेक कुमार वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी डॉ हर्षित शर्मा, खेल प्रभारी मुईन अहमद खान, एआरपी प्रवीन कुमार, गेदन लाल, तुषार अरोरा, कुलदीप सिंह, भारतेंदु कुमार सहित विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मृदुला गंगवार, ग्राम प्रधान तथा मंच संचालक के रूप में राजेश कुमार मिश्रा (प्रयास) की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें हर बच्चा स्कूल जाए जैसे नारों के माध्यम से शिक्षा के प्रति लोगों को प्रेरित किया गया। इसके उपरांत विद्यार्थियों को निःशुल्क पुस्तकें वितरित की गईं।मुख्य अतिथि विधायक विवेक कुमार वर्मा ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। खंड शिक्षा अधिकारी ने भी शिक्षा को समाज की नींव बताते हुए सभी से सहयोग करने का आह्वान किया। छात्रों की नियमित उपस्थिति पर भी विद्यालय प्रबंध समिति से सहयोग करने की अपील की। खेल प्रभारी मुईन अहमद खान द्वारा बच्चों को खेल के माध्यम से शिक्षा देने पर तथा खेल उत्तम स्वास्थ्य का जरिया है तथा खेल के महत्व के बारे में बताया गया।एआरपी प्रवीन कुमार, गेदन लाल, तुषार अरोरा, कुलदीप सिंह एवं भारतेंदु कुमार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने अभिभावकों को जागरूक करते हुए कहा कि बच्चों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों को प्रेरित करें तथा नवाचार के माध्यम से शिक्षण को प्रभावी बनाएं।
प्रधानाध्यापिका मृदुला गंगवार ने विद्यालय की प्रगति एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला तथा अभिभावकों से सहयोग की अपेक्षा की। ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक रहें। मंच संचालक राजेश कुमार मिश्रा (प्रयास) ने कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए शिक्षा के प्रसार पर बल दिया। खंड शिक्षा अधिकारी ने कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। इस आयोजन का उद्देश्य शत् प्रतिशत बच्चों को विद्यालय से जोड़ना तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
