नानकमत्ता। कांग्रेस में शामिल होने के बाद पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के प्रथम बार नानकमत्ता साहिब पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब पहुंचकर माथा टेका नानकमत्ता आगमन पर ठुकराल के स्वागत में जोरदार रोड शो निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
ठुकराल ने कहा कि कांग्रेस को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है और पूरे प्रदेश में पार्टी को सशक्त बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वह कंधे से कंधा मिलाकर उनके साथ खड़े हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष में रहते हुए भी आम जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। ठुकराल ने कहा कि पिछले चार वर्षों से वह बेसहारा थे, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें सहारा दिया है और वह इस विश्वास को कभी नहीं तोड़ेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी राजनीति को खत्म करने का प्रयास किया गया, लेकिन ऐसा करने वाले अपने मंसूबों में सफल नहीं हो पाएंगे। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि जिले की नौ विधानसभा सीटों पर कांग्रेस का परचम लहराएगा।
इस मौके पर विधायक गोपाल सिंह राणा, अजय नारायण सिंह, प्रदीप बेदी, जैला सिंह, सुरेंद्र सिंह करनावल, प्रकाश सिंह, सतनाम सिंह निक्कू, सुखविंद्र सिंह मोमी, पिंटू सिंह, बलवंत सिंह, कृपाल सिंह सहित सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
