अमेठीः कलेक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक! होमगार्ड भर्ती परीक्षा को नकलविहीन व पारदर्शी सम्पन्न कराने के निर्देश
April 22, 2026
अमेठी। जनपद में आगामी 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण, नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में आज कलेक्ट्रेट सभागार, गौरीगंज में पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. एवं मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू द्वारा एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, पुलिस केंद्र प्रभारी, सीसीटीवी कंट्रोल रूम प्रभारी तथा कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने परीक्षा की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी जिम्मेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से कराई जाए। पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था अनुक्रमांक के अनुसार की जाए तथा प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों की समुचित व्यवस्था रहे। परीक्षा के दौरान कड़ी निगरानी रखने के लिए पुलिस बल, फ्लाइंग स्क्वॉड एवं सीसीटीवी सिस्टम का प्रभावी उपयोग किया जाएगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के भीतर किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित वस्तु के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके लिए अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली जाएगी। साथ ही शासन एवं परीक्षा बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए। गौरतलब है कि जनपद के कुल आठ परीक्षा केंद्रों पर यह भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रतिदिन लगभग 2640 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रशासन ने परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां सुनिश्चित की हैं। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अनिल चतुर्वेदी, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, डीईएसटीओ पन्नालाल, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
