तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, यात्री बेहाल, पुलिस तैनात
April 22, 2026
तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (RTC) के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर मध्यरात्रि से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है. इस अचानक हड़ताल का सबसे बड़ा असर आम यात्रियों पर पड़ा है. राज्य भर के प्रमुख बस स्टैंड और बस डिपो सन्नाटे में तब्दील हो गए हैं. हड़ताल के कारण सड़कों पर बसें नहीं दिखीं, जिससे दूरदराज से यात्रा करने आए लोगों की परेशानी बढ़ गई है.
हड़ताल के चलते रात 12 बजे के बाद से ही सभी बसें डिपो के अंदर ही खड़ी कर दी गईं. केवल कुछ बहुत ही सीमित आरटीसी बसें ही सड़क पर उतर पाई हैं. सुबह से ही बस स्टैंडों पर सूनापन है. कई यात्रियों ने अपनी यात्रा के क्रम में रात से ही बस स्टैंड पर डेरा डाल दिया था, लेकिन उन्हें बस न मिलने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. बसों के इंतजार में लोगों की भीड़ लगी रही, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी.
हालांकि, RTC की बसों के रुकने से प्राइवेट बस और टैक्सी ऑपरेटरों ने मोटरसाइकिल और अन्य वाहनों को सड़क पर उतारकर इस वैक्यूम को भरने की कोशिश की है लेकिन आशंका जताई जा रही थी कि हड़ताली कर्मचारी प्राइवेट वाहनों को रोक सकते हैं. इसी को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. बस स्टैंडों और राजमार्गों पर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है, ताकि प्राइवेट वाहन चालकों को किसी भी तरह की परेशानी न हो और यातायात सुचारू रहे.
इस बीच, सरकार और कर्मचारी यूनियनों के बीच चल रही तल्खी अभी जारी है. कल (बुधवार) देर रात तक चली वार्ता विफल रहने के बाद ही कर्मचारियों ने हड़ताल का ऐलान किया था. हालांकि, सूत्रों की मानें तो आज एक बार फिर से सरकार की ओर से कर्मचारी नेताओं को वार्ता के लिए बुलाए जाने की पूरी संभावना है.
यात्रियों का कहना है कि राजनीतिक और प्रशासनिक रस्साकशी का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है. अब सभी की नजरें आज होने वाली संभावित बैठक पर टिकी हैं, जिसमें कोई सकारात्मक नतीजा निकलता है या नहीं.
