महाराष्ट्र के भंडारा में भीषण रोड एक्सीडेंट, ट्रक और कार की टक्कर में 5 लोगों की मौत
April 24, 2026
महाराष्ट्र के भंडारा जिले से एक रूह कंपकपा देने वाली खबर सामने आई है। यहां पवनी तहसील के अड्याळ क्षेत्र में एक ट्रक ने मारुति वैन को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। 23 अप्रैल गुरुवार रात 9:45 बजे घटित इस भीषण हादसे में 4 महिलाओं और एक पुरुष सहित कुल 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, भंडारा जिले की पवनी तहसील के कोंढा कोसरा में अड्याळ गांव से एक बारात गई थी। विवाह संपन्न होने के बाद, जब बाराती मारुति वैन में सवार होकर अपने गृहग्राम अड्याळ वापस लौट रहे थे, तभी काल बनकर आए एक 10 चक्का ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
ट्रक और वैन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन चकनाचूर हो गई। वैन में सवार 4 महिलाओं और एक पुरुष की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस हादसे में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में 16 वर्षीय श्वेता नगरे , प्रभाकर चाचरकर और उनकी पत्नी मुन्नी चाचरकर साथ ही नयना नगरे और दुर्गा नगरे ( मां बेटी ) शामिल हैं। बताया जाता है जा रहा है कि घायलों में दुल्हे के रिश्तेदार भी शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, अडियाल निवासी सुदर्शन नान्हे का विवाह पास के कोंढा गांव संपन्न में हुआ था। शादी के बाद मेहमानों को वापस लाने के दौरान यह हादसा हुआ। शादी की खुशियों के बीच अचानक हुए हादसे से अड्याळ और ग्राम कोंढा कोसरा क्षेत्र में मातम पसर गया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।
