पीलीभीत। जनपद के जहानाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और एक शातिर इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान 50 हजार रुपये का इनामी लुटेरा पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी हाल ही में हुई लूट की वारदात का मुख्य अभियुक्त बताया जा रहा है।पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि वांछित अपराधी बरेली हाईवे के पास सक्रिय है और फरार होने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने व्यापार मंडल तिराहा और सियावाली पट्टी रेलवे क्रॉसिंग के बीच घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह पुलिस को देखकर तेजी से भागने लगा। पीछा करने पर बदमाश ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा।गिरफ्तार बदमाश की पहचान सहादत अली (42) पुत्र इश्तियाक अली निवासी अहरौली थाना कसया, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने 9 मार्च 2026 को अपने साथियों के साथ मिलकर एक सेवानिवृत्त शिक्षक को कार में बैठाकर 23 हजार रुपये की लूट को अंजाम दिया था। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि यह मुख्य आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी पर कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल उसका इलाज जारी है और अवैध हथियार बरामदगी के मामले में अलग से कार्रवाई की जा रही है। अन्य फरार साथियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
.jpg)