पीलीभीत। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सी.बी.एस.ई.) द्वारा कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम घोषित होते ही शहर के ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल, टनकपुर रोड स्थित कैंप में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय ने इस वर्ष भी अपने उत्कृष्ट शैक्षणिक स्तर को बरकरार रखते हुए शत-प्रतिशत परिणाम हासिल किया, जिससे विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार में हर्ष और गर्व का माहौल देखने को मिला।
विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप रैंक में स्थान प्राप्त कर संस्थान का नाम रोशन किया। इस वर्ष आरुष भारती ने 95.6% अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अभिनव शर्मा 93.6ः अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहे। तीसरे स्थान पर आयुष शर्मा ने 93.2ः अंक प्राप्त किए, जबकि मनन्या पाण्डेय एवं मो. उजैर ने समान रूप से 92.40% अंक अर्जित कर क्रमशः चैथा और पाँचवाँ स्थान प्राप्त किया।परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया। विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उनकी सफलता का जश्न मनाया गया। अभिभावकों ने भी अपने बच्चों की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों का आभार जताया।
विद्यालय के प्रबंधक देवेंद्र सिंह छाबड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष विद्यालय के कुल 127 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से सभी 127 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। यह विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासित शैक्षणिक वातावरण का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने बताया कि 10 विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त किए, 54 विद्यार्थियों ने 80% से अधिक अंक हासिल किए, जबकि 102 विद्यार्थियों ने 70% से अधिक अंक अर्जित कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
प्रधानाचार्या पूजा छाबड़ा ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के निरंतर सहयोग का फल है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
परिणाम घोषित होने के पश्चात आयोजित प्रार्थना सभा में सभी सफल विद्यार्थियों को पुष्पमालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय में पूरे दिन जश्न का माहौल बना रहा। विद्यार्थियों के चेहरों पर सफलता की चमक और उनके उज्ज्वल भविष्य की झलक साफ दिखाई दे रही थी। यह शानदार परिणाम न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया है।
