सोनभद्र। समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड़ जी व भाजपा जिलाध्यक्ष सोनभद्र नन्दलाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की मुलाकात, जनपद के विकास व जनहित से जुड़े विषयों पर की वार्ता-
इस मौके पर जनपद के प्रसिद्ध महुआ का लड्डू भी मुख्यमंत्री को भेंट किया गया- संजीव कुमार गोंड़ भाजपा जिलाध्यक्ष नन्द लाल गुप्ता ने दिनांक 22 मार्च 2026 को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने जनपद के विकास एवं जनसमस्याओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष विस्तारपूर्वक रखा। मुलाकात के दौरान जनपद के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सड़क निर्माण, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति तथा शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने पत्र के माध्यम से जिले के निम्नलिखित महत्वपूर्ण विषयों को अवगत कराया। 1. दुद्धी क्षेत्र के बघाडू़ में जनजातीय/आदिवासियों के भूमि पर एक विशेष समुदाय के द्वारा अवैध रुप से अतिक्रमण किये गये भूमि को कब्जामुक्त कराने के सम्बंध में। 2. अल्ट्राटेक सीमेण्ट फैक्ट्री द्वारा डाला नगर सोनभद्र में विगत 50 वर्षाे से निवास कर रहे परिवारों को जमीन के बदले अन्य सरकारी/ग्राम पंचायत की भूमि तत्काल निवासियों को उपलब्ध कराने के सम्बंध में ।3. ऐतिहासिक विजयगढ़ किले पर एक विशेष समुदाय द्वारा अवैध अतिक्रमण को हटाने के सम्बंध में। 4. नगवां ब्लॉक के पनौरा ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान द्वारा एक विशेष समुदाय के लोगो को अवैध रुप से आवंटित पट्टे को निरस्त कराने 5. जनपद सोनभद्र में सरकारी भूमि पर अवैध रुप से बने मस्जिद, ईदगाह, मजार, इत्यादी के सम्बंध में माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से मिलकर कार्यवाही करने हेतु पत्र के माध्यम से अवगत कराया।6. तहसील-दुद्धी में उपकोषागार को पुनः चालू कराने के सम्बंध में।7-जनपद-सोनभद्र के हाथीनाला के आठ गावों को कोतवाली दुद्धी (क्षेत्राधिकार) मे पुनः सम्मिलित किये जाने के सम्बंध मे मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
इसके अलावा उन्होंने जनपद में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए कुछ लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने की मांग की। साथ ही स्थानीय समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने की बात कही ताकि समस्याओं का जल्द से जल्द निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।यह जानकारी मीडिया प्रभारी रजनीश रघुबंशी ने दी।
