तिलोई: मायका पक्ष ने जताई हत्या की आशंका! दस दिन बाद कब्र से निकाला गया महिला का शव
March 17, 2026
तिलोई/अमेठी। तिलोई क्षेत्र के थाना शिवरतनगंज अंतर्गत खरगपुर गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला गरमा गया है।मायके पक्ष की शिकायत पर प्रशासन ने 10 दिन बाद कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया है।शिवरतनगंज के पूरे हिरई मजरे खरगपुर गांव निवासी इम्तियाज अहमद की बहन रूकसाना का विवाह करीब 15 वर्ष पहले मोहनगंज कोतवाली क्षेत्र के शुक्लापुर मजरे फूला गांव निवासी अल्ला वासिद के बेटे अकील के साथ हुआ था। दंपत्ति की एक 10 वर्षीय पुत्री सारा भी है।परिजनों के अनुसार, रूकसाना बीते कई वर्षों से बीमार चल रही थीं और उनका इलाज भी जारी था। बताया जा रहा है कि 7 और 8 मार्च की रात्रि उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने बिना उन्हें सूचना दिए आनन-फानन में शव को घर के सामने स्थित बाग में दफना दिया।घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के भाई इम्तियाज अहमद ने हत्या की आशंका जताते हुए जिलाधिकारी अमेठी से शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की।जिलाधिकारी के आदेश पर मंगलवार दोपहर नायब तहसीलदार तिलोई अमीषा यादव और मोहनगंज कोतवाल राकेश सिंह की मौजूदगी में भारी पुलिस बल के साथ कब्र खुदवाई गई और महिला का शव बाहर निकाला गया।इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
