Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीत: मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्रा दिव्या बनीं एक दिन की डीआईओएस, संभाली प्रशासनिक जिम्मेदारी! कार्यालय निरीक्षण कर जानी शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली, बेटियों के सशक्तिकरण का दिया संदेश


पीलीभीत। प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान (फेज-05) के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद  में मंगलवार को एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। शासन के निर्देशानुसार बालिकाओं को प्रशासनिक कार्यों का अनुभव प्रदान करने हेतु उन्हें एक दिन के लिए प्रमुख पदों पर आसीन किया जा रहा है।इसी क्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव कुमार द्वारा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज  की कक्षा 12 की छात्रा दिव्या को एक दिन का जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) बनाया गया। इस दौरान छात्रा दिव्या ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कार्यालय का निरीक्षण किया और विभिन्न पटलों पर चल रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों से संवाद स्थापित कर समस्याओं को भी गंभीरता से सुना और कार्यप्रणाली को समझा।इस अनूठी पहल के माध्यम से दिव्या को प्रशासनिक जिम्मेदारियों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ, जिससे उनकी नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में यह संदेश देना है कि यदि बेटियों को उचित अवसर और प्रोत्साहन दिया जाए, तो वे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं।

एक दिन की डीआईओएस बनी दिव्या ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस जिम्मेदारी को निभाना उनके लिए गर्व का क्षण रहा और यह अनुभव उनके भविष्य के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। उन्होंने इस अवसर के लिए उत्तर प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।

छात्रा ने मिशन शक्ति कार्यक्रम को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव कुमार की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या अनीता देवी सहित कार्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

यह पहल न केवल बालिकाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रही है, बल्कि समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को भी सुदृढ़ कर रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |