अमेठीः एआरओ स्थानांतरण का विरोध, सीएम से गुहार
March 21, 2026
अमेठी। जनपद अमेठी में लगभग 40 वर्षों से संचालित आर्मी भर्ती कार्यालय को अयोध्या स्थानांतरित किए जाने की सूचना पर क्षेत्र के युवाओं में असंतोष देखा जा रहा है। इस संबंध में किसान मजदूर सेवा संस्थान के संरक्षक आर.पी. पांडेय तथा प्रेम शंकर द्विवेदी ने प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री से अमेठी स्थित भर्ती कार्यालय को यथावत बनाए रखने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अमेठी स्थित आर्मी भर्ती कार्यालय के माध्यम से जनपद सहित आसपास के जिलों के हजारों युवाओं को सेना में भर्ती होने का अवसर मिलता रहा है। भर्ती कार्यालय स्थानीय स्तर पर होने से अभ्यर्थियों को जानकारी, मार्गदर्शन एवं प्रक्रिया में काफी सुविधा मिलती है। यदि इसे अयोध्या स्थानांतरित किया जाता है तो युवाओं को दूरी, समय एवं आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। कहा गया कि अमेठी जैसे क्षेत्र में आर्मी भर्ती कार्यालय का होना युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है तथा देश सेवा की भावना को मजबूत करता है। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन के माध्यम से अनुरोध किया गया है कि जनपद अमेठी एवं आसपास के युवाओं के हित को ध्यान में रखते हुए आर्मी भर्ती कार्यालय को यथावत रखा जाए। किसान मजदूर सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि भर्ती कार्यालय को स्थानांतरित करने का निर्णय वापस नहीं लिया गया तो संगठन युवाओं के भविष्य को देखते हुए आगे धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा।
