अमेठीः नवनिर्माण के नौ वर्ष थीम पर नौ दिवसीय मेला जारी! महिला सशक्तिकरण एवं पोषण दिवस आयोजित
March 21, 2026
अमेठी। प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “नवनिर्माण के नौ वर्ष” थीम पर आधारित नौ दिवसीय समारोह मेले का आयोजन जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर, गौरीगंज के प्रांगण में उत्साहपूर्वक किया जा रहा है। मेले का उद्देश्य विभिन्न विभागों की विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। मेले में सूचना विभाग सहित स्वास्थ्य, महिला कल्याण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), उद्योग, कृषि, समाज कल्याण, जल जीवन मिशन, बैंकिंग एवं कौशल विकास विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी किया जा रहा है। सूचना विभाग द्वारा योजनाओं पर आधारित आकर्षक चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जो लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मेले के चैथे दिन महिला सशक्तिकरण एवं पोषण दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, आयुष्मान भारत योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, मिशन शक्ति सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों द्वारा विस्तार से दी गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली 5 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा मिली। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी समां बांधा। सूचना विभाग में पंजीकृत दल ‘अमर लोकगीत एवं बिरहा पार्टी’ द्वारा शासकीय योजनाओं पर आधारित गीतों एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही सूचना विभाग द्वारा मेले में आने वाले लोगों को कैलेंडर एवं पम्पलेट वितरित कर योजनाओं की जानकारी सुलभ कराई गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को निःशुल्क उपचार की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने परिवार का आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं और स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं का लाभ उठाएं। डीसी एनआरएलएम प्रवीणा शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि समूहों के जरिए महिलाओं को स्वरोजगार, बैंकिंग सुविधा एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है। कार्यक्रम में आयुष्मान योजना के जिला समन्वयक डॉ. अनूप तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि यह मेला 26 मार्च तक चलेगा। जिला प्रशासन ने जनसामान्य से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें एवं उनका लाभ उठाएं।
