लखनऊः नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त के साथ नगर निगम स्कूलों का किया निरीक्षण! विकास कार्यों में गुणवत्ता व गति के दिए निर्देश
March 21, 2026
लखनऊ। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शनिवार को अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त के साथ शहर के विभिन्न नगर निगम विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कश्मीरी मोहल्ला गर्ल्स इंटर कॉलेज, कश्मीरी मोहल्ला मॉडल मोंटेसरी स्कूल, अमीनाबाद इंटर कॉलेज, घसियारी मंडी मॉडल मोंटेसरी स्कूल तथा लखनऊ म्यूनिसिपल नर्सरी (चिल्ड्रन पैलेस) स्कूल का दौरा कर वहां चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने कश्मीरी मोहल्ला मॉडल मोंटेसरी स्कूल एवं कश्मीरी मोहल्ला गर्ल्स इंटर कॉलेज में चल रहे दो कमरों के रेनोवेशन, प्रयोगशाला (लेबोरेटरी), स्टाफ क्वार्टर, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, कमरों में टाइल्स लगाने सहित अन्य कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ किए जाएं, ताकि छात्रों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध हो सके।अमीनाबाद इंटर कॉलेज में नगर आयुक्त ने बास्केटबॉल कोर्ट और बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही कमरों में टाइल्स लगाने, केमिस्ट्री लैब के रेनोवेशन तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खेल सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ विकसित किया जाए, जिससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिल सके।घसियारी मंडी मॉडल मोंटेसरी स्कूल के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने निर्माणाधीन हॉल के कार्यों पर चर्चा करते हुए निर्देश दिए कि फ्रंट एरिया को मुख्य भवन के साथ समन्वित (कंपोजिट) किया जाए। उन्होंने फर्स्ट फ्लोर पर स्टाफ रूम तथा ग्राउंड फ्लोर पर प्रधानाचार्य कक्ष बनाए जाने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा विद्यालय में शौचालय निर्माण, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, पानी की टंकियों की स्थापना तथा ओपन वायरिंग को कंसील करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।लखनऊ म्यूनिसिपल नर्सरी (चिल्ड्रन पैलेस) स्कूल में नगर आयुक्त ने खिड़की एवं दरवाजों की गुणवत्ता सुधारने, सुरक्षित एवं स्मूथ हैंडल लगाने तथा बच्चों के अनुकूल सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों के विद्यालयों में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाना अत्यंत आवश्यक है।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी निर्माण एवं विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम के विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना प्राथमिकता है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
