बीसलपुर। नगर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र आदर्श गंगवार ने ‘इंस्पायर अवार्ड मानक योजना’ में चयनित होकर क्षेत्र और विद्यालय का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है। कक्षा 11 के छात्र आदर्श का चयन उनके अभिनव प्रोजेक्ट ‘अल्ट्रासोनिक सेंसर आधारित जल स्तर निगरानी प्रणाली’ के लिए हुआ है। यह मॉडल जल स्तर की सटीक जानकारी प्रदान करने में सक्षम है, जिससे जल संरक्षण और जल प्रबंधन को बेहतर बनाया जा सकता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य वीरेन्द्र कुमार मिश्र ने बताया कि यह योजना छात्रों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित की जाती है। कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को इसमें भाग लेने का अवसर मिलता है। चयनित विद्यार्थियों को 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।
उन्होंने बताया कि चयन के बाद छात्र अपने प्रोजेक्ट को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनियों में प्रस्तुत करते हैं। इससे उन्हें वैज्ञानिक शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। विद्यालय प्रबंधक विष्णु कुमार गोयल ने छात्र की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी और उन्हें भी नवाचार के लिए प्रेरित करेगी।
