बीसलपुरः गैस सिलेंडर बुकिंग में बाधा से उपभोक्ता परेशान, एजेंसियों पर हुआ हंगामा! सर्वर समस्या और व्यावसायिक सिलेंडरों की कमी से बढ़ी दिक्कतें, होटल-रेस्टोरेंट संचालक भी चिंतित
March 17, 2026
बीसलपुर। रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग में लगातार आ रही दिक्कतों के कारण मंगलवार को उपभोक्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग गैस एजेंसियों पर पहुंचे, जहां सर्वर फेल होने के चलते बुकिंग प्रक्रिया बाधित रही। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने हंगामा कर विरोध जताया।रमपुरा मार्ग स्थित राजमणि गैस एजेंसी पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग गईं। घंटों इंतजार के बाद भी जब बुकिंग नहीं हो सकी, तो लोगों ने नाराजगी जाहिर करते हुए एजेंसी कर्मियों से जवाब-तलब किया। उपभोक्ताओं का कहना था कि कई दिनों से यही स्थिति बनी हुई है, जिससे घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है।एजेंसी प्रबंधन ने सर्वर और नेटवर्क संबंधी तकनीकी समस्याओं को इसका कारण बताया। प्रबंधक ने कहा कि कंपनी स्तर पर समस्या आने के कारण बुकिंग प्रभावित हो रही है और इसे जल्द ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति न होने से होटल, रेस्टोरेंट और फास्ट फूड प्रतिष्ठानों के संचालक भी परेशान नजर आए। उनका कहना है कि सिलेंडर की कमी के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है। रामलीला मेला मार्ग स्थित दूसरी गैस एजेंसी पर भी इसी तरह की स्थिति रही। वहां भी बड़ी संख्या में उपभोक्ता एकत्रित हुए। एजेंसी प्रबंधन के अनुसार घरेलू सिलेंडरों की होम डिलीवरी जारी है, लेकिन व्यावसायिक सिलेंडर उपलब्ध नहीं हैं।
