Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

रामपुरः सीडीओ की अध्यक्षता में हुई दस्तक अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु प्रथम अन्तर्विभागीय बैठक


रामपुर। मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु प्रथम अन्तर्विभागीय बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि लार्वा निरोधक रसायनों के छिड़काव में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा नाले-नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विगत एवं वर्तमान वर्ष में जेई, डेंगू, मलेरिया एवं अन्य संचारी रोगों से प्रभावित क्षेत्रों में विशेष रूप से निरोधात्मक कार्यवाही की जाए। साथ ही कूलर एवं फ्रिज की ट्रे में जमा पानी को नियमित रूप से साफ करने के प्रति आमजन को जागरूक करने पर बल दिया गया।

बैठक में यूनीसेफ के प्रतिनिधि श्री संदीप सक्सैना द्वारा वर्ष 2025 में संचालित विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की समीक्षा प्रस्तुत की गई तथा जनपद के उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में प्रभावी कार्यवाही हेतु आवश्यक सुझाव दिए गए। उथले हैंडपम्पों को चिन्हित कर उनके उपयोग पर रोक लगाने, खराब हैंडपम्पों की मरम्मत तथा शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निगरानी समितियों के माध्यम से दिमागी बुखार, वेक्टर जनित एवं जल जनित रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाए तथा “क्या करें, क्या न करें” का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।

मुख्य विकास अधिकारी ने आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकत्रियों को प्रशिक्षण देकर अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने, कुपोषित बच्चों के चिन्हांकन एवं उपचार तथा आवश्यकतानुसार पोषण पुनर्वास केन्द्रों से जोड़ने के निर्देश दिए। 

गर्मी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए हीट वेव से बचाव हेतु जनजागरूकता बढ़ाने, शुद्ध पेयजल एवं शेल्टर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में स्वास्थ्य, कृषि, पंचायत, शिक्षा, नगर विकास, पशुपालन, बाल विकास विभाग, डब्ल्यूएचओ, यूनीसेफ तथा नगर निकायों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |