रामपुर। रामपुर में आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 19 मार्च 2026 को ग्राम सभा भोट निवासी जीवन चन्द्र द्वारा गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी किए जाने संबंधी प्राप्त सूचना पर जिला पूर्ति अधिकारी, रामपुर द्वारा अपनी टीम एवं पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी की कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान संबंधित परिसर को खुलवाकर गहन निरीक्षण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में घरेलू, व्यावसायिक एवं 05 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडरों का अनाधिकृत भंडारण पाया गया। मौके से कुल 06 व्यावसायिक (बड़े) सिलेंडर, जिनमें 04 भारत गैस के थे, 05 घरेलू (बड़े) सिलेंडर, जिनमें 04 इंडेन एवं 01 एचपी गैस के थे, इसके अतिरिक्त 04 व्यावसायिक 05 किलोग्राम के सिलेंडर तथा 01 घरेलू 05 किलोग्राम का सिलेंडर बरामद किया गया।
बरामद सभी सिलेंडरों की मौके पर तौल एवं सत्यापन कराया गया। छापेमारी के दौरान मौके पर उपस्थित शमसूल (निवासी अहमदनगर तराना), गुड्डू (निवासी अजीतपुर), अब्दुल कादिर (निवासी खोदपुरा) एवं नईम अहमद (निवासी भोट) द्वारा यह स्वीकार किया गया कि वे पूर्व में भी जीवन चन्द्र के यहां से घरेलू गैस सिलेंडर प्राप्त करते रहे हैं तथा आज भी गैस लेने के उद्देश्य से ही वहां पहुंचे थे।
प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट रूप से प्रकाश में आया कि श्री जीवन चन्द्र भट्ट द्वारा बिना किसी वैध लाइसेंसध्अनुमति के गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर उन्हें ऊंचे दामों पर बेचते हुए कालाबाजारी की जा रही थी, जो द्रवित पेट्रोलियम गैस (आपूर्ति एवं वितरण का विनियमन) आदेश, 2000 (संशोधित) का उल्लंघन है। यह कृत्य आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3ध्7 के अंतर्गत दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है।
मौके पर बरामद सभी सिलेंडरों को विधिवत जब्त करते हुए निकटस्थ अधिकृत एजेंसी शमीम गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। इस संबंध में पूर्ति निरीक्षक सदर श्री चुन्नीलाल द्वारा संबंधित थाना में जीवन चन्द्र भट्ट एवं प्रकाश चंद्र भट्ट (ग्राम सभा भोट) एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
जनपद प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी, ओवरचार्जिंग एवं अवैध भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
