अमेठीः शांति व सौहार्द के साथ संपन्न हुई ईद-उल-फितर की नमाज
March 21, 2026
अमेठी। जनपद अमेठी में ईद-उल-फितर का पावन पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। शनिवार को पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा कस्बा अमेठी में ईद की नमाज को सकुशल संपन्न कराया। पर्व को लेकर प्रशासन द्वारा पहले से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं, जिसके चलते पूरे जनपद में कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही। भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय धर्मगुरुओं, मस्जिदों के इमामों एवं मौलानाओं से मुलाकात कर आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने लोगों से कहा कि सभी नागरिक मिल-जुलकर त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई, जिससे कहीं भी कोई अप्रिय घटना न हो सके। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार मिश्रा, थाना प्रभारी रवि सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। प्रशासन की सतर्कता एवं जनता के सहयोग से ईद का पर्व शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर शनिवार को कस्बा अमेठी में नमाज शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में अदा की गई। नमाज के बाद छोटे-छोटे बच्चों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी, जिससे प्रेम, एकता और भाईचारे का सुंदर दृश्य देखने को मिला। त्योहार के मौके पर हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी आपस में गले मिलकर एक-दूसरे को बधाई दी और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। बच्चों की मुस्कान और आपसी मेल-मिलाप ने पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने जनपद में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और नमाज को सकुशल संपन्न कराया। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की। ईद के अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा तथा आपसी भाईचारे और सद्भाव का सकारात्मक संदेश देखने को मिला।
