राजस्थान में बेमौसम बारिश ने तोड़ी किसानों की कमर
March 21, 2026
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए कि वे असमय बारिश और ओले से हुई फसल क्षति का तुरंत सर्वे करें और अपनी रिपोर्ट जल्द सौंपें। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों का दर्द उनकी सरकार का दर्द है। उन्होंने बयान में कहा है कि बारिश और ओले से प्रभावित सभी किसानों को पर्याप्त सहायता दी जाएगी। बता दें कि राजस्थान में पिछले 24 घंटों में भी कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। स्थानीय मौसम केंद्र ने शनिवार को बताया कि झुंझुनू जिले के मंडावा में सबसे ज्यादा 18 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
