Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

महाराष्ट्र से शरद पवार हो सकते है महाविकास आघाड़ी के राज्यसभा उम्मीदवार


राज्यसभा चुनाव में महाराष्ट्र से शरद पवार महाविकास आघाड़ी के राज्य सभा उम्मीदवार हो सकते हैं। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस और शिवसेना उद्धव गुट शरद पवार के नाम पर राजी हो गए हैं। वहीं, कांग्रेस पार्टी ने हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की दूसरी सीट पर राज्य के स्थानीय उम्मीदवारों को राज्यसभा टिकट देने का फैसला किया है। महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी के पास एक ही राज्यसभा सीट है, जिस पर जीत मिल सकती है। इसके लिए एनसीपी, शिवसेना यूबीटी और कांग्रेस के बीच होड़ मची हुई थी। हालांकि, अंत में शरद पवार के नाम पर सभी पार्टियां राजी हो गईं।

राज्यसभा की सात सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख पांच मार्च है। चुनाव 16 मार्च को होंगे और मतों की गिनती भी उसी दिन होगी। अप्रैल में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के प्रमुख शरद पवार, शिवसेना (उबाठा) नेता प्रियंका चतुर्वेदी, राकांपा (शप) की फौजिया खान, आरपीआई (आठवले) के रामदास आठवले, भाजपा के भागवत कराड, कांग्रेस की रजनी पाटिल और राकांपा के धैर्यशील पाटिल का राज्यसभा कार्यकाल समाप्त हो जाएगा।

सोमवार सुबह शिवसेना यूबीटी और कांग्रेस दोनों ने इस सीट पर दावा पेश किया था और कहा था कि आंतरिक वार्ता जारी है। आदित्य ठाकरे ने 16 मार्च को होने वाले चुनाव के लिए एमवीए में किसी भी तरह के गतिरोध से इनकार किया और कहा कि जीतने योग्य एकमात्र सीट उनकी पार्टी को मिलनी चाहिए, क्योंकि उसके पास संख्यात्मक बढ़त है।

सत्तारूढ़ महायुति के पक्ष में भारी बहुमत को देखते हुए एमवीए संसद के ऊपरी सदन और विधान परिषद में केवल एक-एक सदस्य को निर्वाचित करा सकती है। शिवसेना (उबाठा) के पास 20 विधायक हैं, उसके बाद कांग्रेस के पास 16 और राकांपा (शप) के पास 10 विधायक हैं। विधानसभा में भारी बहुमत के कारण भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति को सात में से छह सीटें मिलने की संभावना है। राष्ट्रीय महिला आयोग की प्रमुख विजया रहाटकर और भाजपा महासचिव विनोद तावड़े के नामों की चर्चा चल रही है, जबकि केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले को भाजपा के कोटे से दोबारा मनोनीत किए जाने की संभावना है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |