Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

दिल्ली में डिफेंस के कारोबारी को मिली जान से मारने की धमकी! स्पेशल सेल जांच में जुटी


डिफेंस सेक्टर से जुड़े कारोबारी साहिल लूथरा को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जांच स्पेशल सेल को सौंप दी है। शिकायत के मुताबिक 26 फरवरी को लूथरा को दो इंटरनेशनल नंबरों से कॉल आई। बताया जा रहा है कि ये कॉल पुर्तगाल और जर्मनी से किए गए थे। फोन करने वालों ने दावा किया कि पिछले साल 29–30 नवंबर की रात अमृतसर स्थित उनके घर के बाहर हुई फायरिंग में वही लोग शामिल थे और आगे भी हमला कर सकते हैं।

दिल्ली पुलिस कमिश्नर ऑफिस की ओर से ईमेल के जरिए बताया गया कि मामला आगे की जांच के लिए स्पेशल सेल को ट्रांसफर कर दिया गया है। हालांकि, जांच जारी होने का हवाला देते हुए पुलिस ने ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। इस मामले में 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि अगस्त 2025 में लूथरा से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या इस केस का तरीका और धमकी देने का पैटर्न उन मामलों से मिलता-जुलता है, जिनमें पहले भी हाई-प्रोफाइल लोगों को निशाना बनाया गया था। अमृतसर में हुई फायरिंग की घटना की जांच पहले से ही जारी है। हाल के दिनों में कई चर्चित मामलों में डराने-धमकाने के लिए घर के बाहर गोली चलाने की घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस यह भी देख रही है कि क्या इन मामलों के बीच कोई कड़ी है।

शिकायत में दावा किया गया है कि धमकी भरे कॉल VoIP के जरिए किए गए और उनकी लोकेशन पुर्तगाल, जर्मनी, कनाडा और अमेरिका तक ट्रेस हुई है। ऐसे में जांच एजेंसियां मामले के अंतरराष्ट्रीय एंगल को भी खंगाल रही हैं।

साहिल लूथरा विजयेन त्रिशूल डिफेंस सॉल्यूशंस (VTDS) के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। शिकायत के मुताबिक अक्टूबर 2024 से ही उन्हें धमकियां मिल रही थीं। उसी दौरान कंपनी ने पंजाब में विस्तार की घोषणा की थी। शिकायत में बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) और गोल्डी बराड़ गैंग का भी जिक्र किया गया है। हालांकि जांच एजेंसियों ने अभी तक किसी संगठन की सीधी भूमिका की पुष्टि नहीं की है।

मई 2025 में कंपनी के ईमेल और सोशल मीडिया अकाउंट्स को हैक करने की कोशिश भी हुई थी। शिकायत में दावा है कि कुछ डिजिटल गतिविधियां पाकिस्तान से ऑपरेट होने वाले अकाउंट्स से जुड़ी हो सकती हैं। साइबर क्राइम यूनिट इस एंगल की भी जांच कर रही है। वहीं अमृतसर फायरिंग मामले में पंजाब पुलिस ने रंजीत एवेन्यू थाने में FIR नंबर 120/2025 दर्ज की है। अब तक किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और अन्य एजेंसियां पूरे मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही हैं। जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |