Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीतः ईद-उल-फितर पर कड़ी सुरक्षा, डीएम व एसपी ने किया शहर का भ्रमण! धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील


पीलीभीत। ईद-उल-फितर के पावन पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी  ज्ञानेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक  सुकीर्ति माधव द्वारा नगर क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा-व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया गया।दोनों अधिकारियों ने पर्याप्त पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों, मस्जिदों एवं ईदगाहों का दौरा कर वहां तैनात सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतते हुए दंगा नियंत्रण उपकरणों सहित पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित कराई गई।नगर क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईद-उल-फितर की नमाज शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराई गई। नमाज के उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मुस्लिम धर्मगुरुओं, इमामों, मौलानाओं एवं समाज के संभ्रांत व्यक्तियों से मुलाकात कर उन्हें ईद की मुबारकबाद दी। विशेष रूप से बच्चों को भी शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ त्यौहार मनाने का संदेश दिया गया।थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित ईदगाह स्थल पर नगर पालिका परिषद  द्वारा आयोजित ईद मिलन कैंप में पहुंचकर अधिकारियों ने मुस्लिम समुदाय के लोगों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने सभी से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें तथा शांति और आपसी सद्भाव बनाए रखें।पुलिस अधीक्षक  सुकीर्ति माधव ने जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहें तथा हर गतिविधि पर सतर्क दृष्टि बनाए रखें। साथ ही महत्वपूर्ण स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया।

ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ,अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रसून द्विवेदी, नगर मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर क्षेत्राधिकारी सिटी दीपक चतुर्वेदी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।जनपद  पुलिस ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि वह शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है, और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |