Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीत: मेले में मां से बिछड़ी मासूम, पुलिस की मुस्तैदी से घंटों में मिली,परिजनों में लौटी मुस्कान! मिशन शक्ति अभियान के तहत करेली पुलिस की त्वरित कार्रवाई


पीलीभीत। जनपद  के थाना करेली क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। ग्राम लिलहर में आयोजित मेले के दौरान अपनी मां से बिछड़ी एक मासूम बच्ची को पुलिस टीम ने सक्रियता और सूझबूझ का परिचय देते हुए कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस मानवीय कार्य की क्षेत्रवासियों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश में संचालित मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 मार्च 2026 को ग्राम लिलहर में लगे मेले में उत्तराखंड के जनपद ऊधम सिंह नगर के बनबसा निवासी एक महिला अपनी लगभग 5 वर्षीय पुत्री के साथ मेले में शामिल हुई थीं। मेले की भीड़भाड़ के बीच अचानक बच्ची अपनी मां से बिछड़ गई, जिससे परिजनों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलते ही थाना करेली पुलिस एवं महिला सुरक्षा केंद्र की टीम तत्काल हरकत में आ गई। पुलिसकर्मियों ने मेले में माइक के माध्यम से अनाउंसमेंट कराना शुरू किया, साथ ही भीड़ में गहन पूछताछ और संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस की मुस्तैदी और समर्पण का ही परिणाम रहा कि बच्ची को सुरक्षित खोज लिया गया। बरामदगी के बाद पुलिस टीम ने बच्ची को पूरी सुरक्षा में रखते हुए उसकी पहचान सुनिश्चित की और तत्पश्चात उसे उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। अपनी बच्ची को सकुशल पाकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक उठे और उन्होंने पुलिस टीम के प्रति आभार प्रकट किया।

इस सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी विपिन शुक्ला, उपनिरीक्षक श्रीकृष्ण , महिला कांस्टेबल मुनि, कांस्टेबल आशुतोष राणा, कांस्टेबल यशवीर सिंह एवं कांस्टेबल सन्नी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस त्वरित एवं मानवीय कार्रवाई की खुले दिल से प्रशंसा की है। यह घटना न केवल पुलिस की जिम्मेदारी और तत्परता को दर्शाती है, बल्कि आमजन में सुरक्षा के प्रति विश्वास को भी मजबूत करती है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |