आगरा। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के गो आश्रय स्थलों के संचालन, सुरक्षा और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न गोशालाओं की व्यवस्थाओं और प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने गो आश्रय स्थलों तक जाने वाले कच्चे संपर्क मार्गों को शीघ्र पक्का कराने, संरक्षित गोवंश से संबंधित फंड रिक्वेस्ट को पोर्टल पर अपलोड करने तथा मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत सुपुर्द गोवंश के भरण-पोषण के लिए समय से डिमांड अपलोड करने के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन वृहद गौ आश्रय स्थलों के कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्माण कार्यों में तेजी लाकर जल्द से जल्द हैंडओवर सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मनरेगा योजना के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा की गई।
उन्होंने गोशालाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा केयरटेकर और रात्रि चैकीदारों की समुचित तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि नामित नोडल अधिकारी नियमित निरीक्षण करें और खंड विकास अधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी व पंचायत सचिव रोस्टर बनाकर गोशालाओं का निरीक्षण सुनिश्चित करें।
बैठक में चारागाह भूमि पर हरा चारा एवं नैपियर घास की बुवाई की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
