अमेठीः एलपीजी की समस्या बरकरार, आपूर्ति कम पड़ने से बढ़ी परेशानी
March 24, 2026
अमेठी। भेटुआ ब्लाक के नौगिरवा स्थित साईं राम भारत गैस ग्रामीण वितरक एजेंसी पर मंगलवार को उपभोक्ताओं की लंबी कतार देखने को मिली। भीषण धूप के बावजूद लोग घरेलू गैस सिलेंडर पाने के लिए घंटों लाइन में खड़े रहे। उपभोक्ताओं ने बताया कि समय से बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। त्रिलोकपुर निवासी अमरावती के अनुसार उन्होंने 19 मार्च को सिलेंडर बुक किया था, लेकिन अब तक डिलीवरी नहीं हो सकी। वहीं संड़िला निवासी कन्हैया लाल यादव ने बताया कि 18 मार्च से लगातार एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन सिलेंडर मिलने की उम्मीद कम ही नजर आ रही है। नरही निवासी सपना यादव और मनभौना की गीता ने भी इसी तरह की समस्या बताते हुए कहा कि कई दिनों से इंतजार के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। जैतापुर निवासी हाशिया बानों ने बताया कि उन्होंने 13 मार्च को बुकिंग कराई थी, बीच में सिलेंडर आया भी लेकिन उन्हें नहीं मिल सका। उन्होंने परेशान होकर कहा कि अब फिर से लाइन में खड़ी हैं और काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में एजेंसी संचालक संगीता सिंह ने बताया कि उपभोक्ताओं द्वारा बड़ी संख्या में बुकिंग की गई है, लेकिन उसके मुकाबले पर्याप्त मात्रा में सिलेंडरों की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि जितनी आपूर्ति एजेंसी को मिल रही है, उसे तत्काल उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराया जा रहा है।
