पीलीभीत। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह टहलानी के नेतृत्व में वाणिज्य उद्योग बंधु की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल हुआ। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने की, जिसमें व्यापारियों एवं आम जनमानस से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह टहलानी ने प्रमुखता से रामलीला रोड के अधूरे निर्माण का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि यह सड़क लंबे समय से अधूरी पड़ी है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस मार्ग पर किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है, इसलिए प्रशासन को शीघ्र कार्यवाही करनी चाहिए।
जिला महामंत्री स्वतंत्र देवल ने आसाम चैराहा ओवरब्रिज के लगभग पूर्ण हो चुके निर्माण का जिक्र करते हुए उसके सौंदर्यीकरण की मांग रखी। उन्होंने सुझाव दिया कि ओवरब्रिज के नीचे सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था की जाए तथा दोनों ओर साफ-सुथरे और समतल फुटपाथ बनाए जाएं, जिससे आमजन को सुविधा मिल सके।वहीं मंडल उपाध्यक्ष डालचंद सक्सेना ने सबसे गंभीर मुद्दे के रूप में इलेक्ट्रॉनिक मीटर को बताया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर की वजह से आम जनता में भारी असंतोष है और लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। इस समस्या का जल्द समाधान कराया जाना अत्यंत आवश्यक है।बैठक में जिला महामंत्री पीयूष अग्रवाल, राकेश गंगवार, संतोष सक्सेना, प्रतीक सक्सेना, सागर देवल, राजन सिंह सहित दर्जनों व्यापारी बंधु उपस्थित रहे।व्यापारियों ने एक स्वर में प्रशासन से मांग की कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों का शीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।
