Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीत: मैदान में सड़क निर्माण को लेकर विवाद सुलझा, सहमति से बदली गई रोड की दिशा! नगर पंचायत व मेला कमेटी के बीच बनी सहमति, ट्रांसफार्मर के पास से होगा आरसीसी रोड निर्माण


बरखेड़ा। कस्बे के श्रीकृष्ण लीला मेला मैदान में प्रस्तावित आरसीसी सड़क निर्माण को लेकर बीते कई दिनों से चल रहा विवाद आखिरकार आपसी सहमति से सुलझ गया। मेला कमेटी और नगर पंचायत के बीच जमीन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी, जिसे अब बातचीत के जरिए समाप्त कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, जिस भूमि पर सड़क निर्माण कार्य चल रहा था, उसे मेला कमेटी मेला मैदान की जमीन बता रही थी। इसको लेकर नगर पंचायत और मेला कमेटी के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। हालांकि राजस्व विभाग की जांच में संबंधित भूमि अभिलेखों में बंजर श्रेणी में दर्ज पाई गई और मेला मैदान के नाम पर दर्ज नहीं मिली।

इधर, मोहल्ले के लोगों द्वारा लंबे समय से जलभराव और आवागमन की समस्या को लेकर सड़क व नाले के निर्माण की मांग की जा रही थी। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसी को देखते हुए नगर पंचायत द्वारा नाला और आरसीसी सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया गया था।

विवाद के बीच दोनों पक्षों के बीच वार्ता हुई, जिसमें सहमति बनी कि सड़क निर्माण को थोड़ा पीछे हटाकर कराया जाएगा, ताकि मेला आयोजन के दौरान पर्याप्त स्थान उपलब्ध रह सके। अब यह सड़क बिजली ट्रांसफार्मर के बराबर से बनाई जाएगी।

नगर पंचायत अध्यक्ष श्याम बिहारी भोजवाल ने बताया कि मेला कमेटी के अनुरोध पर सड़क निर्माण की दिशा में बदलाव किया गया है। उन्होंने कहा कि मेला कमेटी द्वारा ट्रांसफार्मर को हटवाने का आश्वासन दिया गया है, जिसके बाद उसी स्थान से सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जिससे दोनों पक्षों की आवश्यकता पूरी हो सके।

इस दौरान मेला कमेटी के अध्यक्ष ध्रुव पाण्डेय, महामंत्री कैलाश चन्द्र मौर्य, पूर्व लेखपाल भीमसेन, रामसनेही यादव, लक्ष्मीकांत भोजवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |