अमेठीः नवनिर्माण के नौ वर्ष मेले का आयोजन! सामाजिक सुरक्षा दिवस पर लाभार्थियों को मिली योजनाओं की सौगात
March 22, 2026
अमेठी। प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “नवनिर्माण के नौ वर्ष” थीम पर आधारित नौ दिवसीय समारोह मेले का आयोजन जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर, गौरीगंज परिसर में किया जा रहा है। मेले के माध्यम से विभिन्न विभागों की विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। मेले में सूचना विभाग, स्वास्थ्य, महिला कल्याण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), उद्योग, कृषि, समाज कल्याण, जल जीवन मिशन, बैंकिंग एवं कौशल विकास विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर लोगों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। वहीं सूचना विभाग द्वारा लगाई गई चित्र प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मेले के पांचवें दिन “सामाजिक सुरक्षा एवं गरीब कल्याण दिवस” के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इस दौरान पिछड़ा वर्ग कल्याण, समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, श्रम विभाग एवं जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं डेमो चेक वितरित किए गए। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा सहायक उपकरण योजना के तहत 5 एमआर किट और 2 बैसाखी वितरित की गईं, जबकि 3 नए पेंशन लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण-पत्र दिए गए। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने शादी अनुदान योजना के अंतर्गत 10 लाभार्थियों को 20 हजार रुपये की दर से स्वीकृति प्रमाण-पत्र प्रदान किए। श्रम विभाग ने बालिका शिक्षा मदद योजना के तहत 4 लाभार्थियों को लाभान्वित किया, जबकि समाज कल्याण विभाग द्वारा 10 वृद्धावस्था पेंशन लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रमेश सिंह ने किया। जिला प्रशासन ने बताया कि यह मेला 26 मार्च तक चलेगा और लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें एवं लाभ उठाए
