बीसलपुर। तहसील क्षेत्र के किशनी ग्राम पंचायत में चल रहे नाला निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए ब्लॉक प्रमुख, बीटीसी सदस्य और ठेकेदार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार नाले के निर्माण में पीले ईंटों और निम्न गुणवत्ता की सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे निर्माण कार्य की मजबूती पर संदेह उत्पन्न हो गया है। उनका कहना है कि इस संबंध में कई बार जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक किसी प्रकार की जांच या कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित लोग प्रशासनिक कार्रवाई के डर से बेखौफ होकर मनमानी कर रहे हैं और शिकायत करने पर भी कोई असर नहीं पड़ रहा। उन्होंने चिंता जताई कि यदि निर्माण कार्य इसी तरह जारी रहा तो नाला कुछ ही समय में क्षतिग्रस्त हो जाएगा, जिससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या और गंभीर हो सकती है।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्माण कार्य में तत्काल सुधार नहीं किया गया तो वे इस मामले की लिखित शिकायत उच्च अधिकारियों से करेंगे और आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जा सकता है।
