आगरा। इनर रिंग रोड पर फतेहाबाद रोड से महुआखेड़ा गांव की ओर आने-जाने वाले मार्ग पर अधूरी सर्विस रोड के चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं। इसी समस्या को लेकर किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष अरुण मोली से मुलाकात कर जल्द समाधान की मांग उठाई।
किसानों ने बताया कि फतेहाबाद रोड से इनर रिंग रोड पर चढ़ते समय तथा महुआखेड़ा गांव से वापस फतेहाबाद रोड की ओर आते समय वाहनों का आमने-सामने टकराव हो जाता है, जिससे लगभग रोजाना दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसका मुख्य कारण दूसरी ओर की सर्विस रोड का अब तक शुरू न होना है, जो पिछले करीब 10 वर्षों से अधूरी पड़ी है।
प्रतिनिधिमंडल ने उपाध्यक्ष को अवगत कराया कि यदि सर्विस रोड को शीघ्र चालू नहीं किया गया तो क्षेत्र में गंभीर हादसे बढ़ सकते हैं। इस पर उपाध्यक्ष अरुण मोली ने आश्वासन दिया कि सर्विस रोड को जल्द से जल्द चालू कराने की कार्रवाई की जाएगी।
किसानों ने प्रशासन को एक सप्ताह का समय देते हुए चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसान सड़क पर उतरकर आंदोलन व धरना-प्रदर्शन करेंगे।
इस दौरान किसान नेता वीरेंद्र यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष रामसहाय यादव, सोनू पंडित, मनोज रावत सहित अन्य किसान मौजूद रहे।
.jpg)