लंभुआ/सुल्तानपुर। आगामी नवरात्रि और ईद के त्यौहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से लंभुआ कस्बे में प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। उप जिलाधिकारी प्रीति जैन के नेतृत्व में निकाले गए इस फ्लैग मार्च में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
फ्लैग मार्च कस्बे के प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं युवाओं से संवाद स्थापित करते हुए त्यौहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम प्रीति जैन ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
फ्लैग मार्च में क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पूरे मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चैबंद नजर आई, जिससे आमजन में विश्वास और सुरक्षा का माहौल बना।
