पीलीभीतः तीन दिवसीय श्री रामनवमी मेला का भव्य समापन, निकली भव्य शोभायात्रा! मेले में उमड़ी भीड़, बच्चों ने झूलों और खेल-खिलौनों का लिया आनंद
March 29, 2026
बरखेड़ा। नगर में आयोजित तीन दिवसीय प्रसिद्ध श्री रामनवमी मेला का रविवार को भव्य तरीके से समापन हो गया। मेले के अंतिम दिन श्रद्धालुओं और नगरवासियों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला।मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, मिक्की माउस और विभिन्न खेल-खिलौनों की दुकानें आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं चाट-पकौड़ी और अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानों पर भी लोगों की खासी भीड़ देखने को मिली। परिवारों के साथ पहुंचे लोगों ने मेले का जमकर आनंद उठाया। समापन अवसर पर मेला कमेटी द्वारा औपचारिक घोषणा की गई। इसके बाद नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शोभायात्रा के दौरान धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं और श्रद्धालु भक्ति भाव में डूबे नजर आए। कार्यक्रम के दौरान मेला कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय रूप से व्यवस्था में जुटे रहे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत थाना पुलिस भी मुस्तैद रही, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।मेला समापन के साथ ही श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के जयकारों के बीच आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।
