लखनऊः गृहकर वसूली बढ़ाने के लिए रविवार को भी खुलेंगे जोनल कार्यालय
March 20, 2026
लखनऊ। वित्तीय वर्ष 2025-26 समाप्त होने में अब केवल 11 दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में नगर निगम ने गृहकर वसूली बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि इस अवधि में नागरिकों से अधिक से अधिक गृहकर जमा कराया जाए, ताकि निर्धारित लक्ष्य पूरा हो सके और निगम की आय में वृद्धि हो।नगर निगम ने आगामी रविवार, 22 मार्च 2026 को सार्वजनिक अवकाश होने के बावजूद सभी जोनल कार्यालयों और कैश काउंटर को पूर्व की तरह खुले रखने के निर्देश दिए हैं। इस दिन भवन स्वामियों का कर निर्धारण, डाटा फीडिंग और अन्य संबंधित कार्य तेजी से किए जाएंगे।इसके साथ ही बकायेदारों से संपर्क कर उनसे गृहकर जमा कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा। सभी वार्डों में कैंप आयोजित करने और उनका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इन कैंपों का लाभ उठा सकें।
