प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार के ’‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’’ संकल्प से सिद्धि, सुरक्षा-सुशासन-समृद्धि’ पूरे होने के उपलक्ष्य में तुलसीसदन (हादीहाल) सभागार में दो दिवसीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य, विधायक विश्वनाथगंज जीत लाल पटेल, जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्जवलन व माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी दयाराम यादव व डीसी मनरेगा सन्तोष कुमार सिंह ने आये हुये अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर दो दिवसीय मेले में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व जनसामान्य द्वारा विभिन्न विभागों की लगायी गयी जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। प्रदर्शनी अवलोकन के दौरान जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई व बच्चो का अन्न प्रासन्न कराया गया तथा दिव्यांग लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं व सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग उ0प्र0 लखनऊ में पंजीकृत शिल्पी कठपुतली कलाकेन्द्र, जादूगर रवीन्द्र कुमार एण्ड पार्टी व सुरेन्द्र प्रताप यादव लोकगीत दल के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की गयी।
इस अवसर पर विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य ने कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बीते 9 वर्षों में प्रदेश ने सुरक्षा, सुशासन एवं विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का सकारात्मक प्रभाव आम जनता तक पहुंच रहा है। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा लिया गया विकसित भारत का संकल्प अब धरातल पर साकार होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने इस दिशा में कार्य कर रहे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने आगे कहा कि जब पूरी टीम एकजुट होकर संकल्प के साथ कार्य करती है, तब सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित होता है।विधायक विश्वनाथगंज जीतलाल पटेल ने प्रदेश में नवनिर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि एनडीए सरकार के मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश आज सुरक्षा, सुशासन और समृद्धि की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार बिना किसी भेदभाव के कार्य कर रही है। यदि कोई भी पीड़ित व्यक्ति थाने जाता है तो उसकी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, जिससे आम जनता का भरोसा मजबूत हुआ है। उन्होने कहा कि गांवों में हो रहे विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि केन्द्र और प्रदेश सरकार के संयुक्त प्रयासों से आज गांव भी शहरों की तरह विकसित और चमकदार नजर आ रहे हैं। सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं में व्यापक सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ गरीब वर्ग तक पहुंच रहा है। आज जरूरतमंद लोगों को बिजली, शौचालय और आवास जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार हुआ है।
जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने नवनिर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनसामान्य को बधाई देते हुए प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुदृढ़ कानून व्यवस्था के तहत अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति प्रभावी रूप से लागू है जिससे अपराध पर नियंत्रण स्थापित हुआ है। महिलाओं की सुरक्षा के विषय में उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा मिशन शक्ति के अंतर्गत व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, जिससे माताओं और बहनों को सुरक्षा के प्रति सजग किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रदेश सरकार ने इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास, संसाधनों की उपलब्धता और मैनपावर बढ़ाने के क्षेत्र में अनेक उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्थाएं अन्य स्थानों पर कम ही देखने को मिलती हैं। उन्होंने लोगों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि किसी में दृढ़ इच्छाशक्ति हो, तो वह बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि देश के किसी भी कोने में जाने पर उत्तर प्रदेश का निवासी होने पर गर्व महसूस होगा। उन्होंने बताया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजा जा रहा है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। इस दौरान जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने तुलसीसदन परिसर में बनाये गये नवनिर्माण के 9 वर्ष पर सेल्फी प्वाइन्ट पर फोटो भी खिचवायी।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनधियों द्वारा उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड-19) के तहत पात्र बच्चों को लैपटॉप वितरित किए गए। वहीं मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन एवं वृद्धावस्था पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृतिध्प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। क्षय रोग उन्मूलन अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों को महात्मा गांधी की प्रतिमा एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, साथ ही क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री युवा विकास उद्यमी अभियान योजना के लाभार्थियों को डेमो चेक तथा ओ-लेवल कंप्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को प्रमाण पत्र दिए गए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एवं पीएम कुसुम योजना के लाभार्थियों को भी प्रमाण पत्र वितरित किए गए। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को 26 करोड़ 55 लाख 30 हजार रुपये के डेमो चेक प्रदान किए गए। पंचायती राज विभाग के प्रधान व पंचायत सहायकों को प्रशस्ति पत्र का वितरण किया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं आवास की चाभियां सौंपी गईं। कार्यक्रम में आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लोगों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। साथ ही आर-सेटी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र, निपुण विद्यालयों को सम्मानित किया गया तथा बेसिक शिक्षा विभाग के बच्चों को निःशुल्क पुस्तकें प्रदान की गईं।
दो दिवसीय प्रदर्शनी कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग एवं अर्थ एवं संख्या विभाग (नियोजन) के समन्वय से 9 सालों में लोकार्पण एवं शिलान्यास के शिलापट्ट का एलईडी स्क्रीन पर प्रदर्शित किया गया जिसका अवलोकन जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व जनमानस द्वारा किया गया। इसके अलावा बाल विकास एवं पुष्टाहार, बेसिक शिक्षा विभाग, सूचना विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग, कृषि विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान, खाद एवं रसद विभाग, उद्योग एवं खादी ग्रामोद्योग विभाग, दुग्धशाला विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, महिला कल्याण विभाग, पशुपालन विभाग, आयुष विभाग, स्वास्थ्य विभाग, उद्यान विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) सहित अन्य विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगायी जिसका अवलोकन कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों व आमजन मानस ने किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद अमर पाल मौर्य के प्रतिनिधि राय साहब सिंह, भाजपा के रामजी मिश्रा, भाजपा मीडिया प्रभारी राघवेन्द्र शुक्ला सहित जनपद स्तरीय अधिकारी व लाभार्थी व आमजन मानस उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डा0 मो0 अनीस व धर्मेन्द्र ओझा द्वारा किया गया।
